ठंड में रखें सेहत का ख्याल
ठंड में रखें सेहत का ख्याल
“राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। दिसंबर और जनवरी कड़ाके की ठंडी के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में सर्दी से बचने के उपायों के साथ-साथ अपने सेहत का भी ध्यान रखना जरूरी है।”
बदलते मौसम के साथ अपनी दिनचर्या में फेरबदल करना मुश्किल होता है। रोजाना नियत समय पर उठना और नियमित कार्यों को टालना संभव नहीं हो पाता है। घर के बड़े सदस्यों को दफ्तर, स्कूल-कालेज या दूसरे कार्यों के लिए बाहर निकलना ही पड़ता है। घर में अगर छोटे बच्चे हैं तो उनका ख्याल रखने और सावधानी बरतने की जरूरत होती है। उन्हें नहलाने से लेकर मौसम के अनुकूल उनके लिए सही खान-पान पर ध्यान देना चाहिए।
क्या करें सर्दी से बचने के लिए
सर्दी के कुप्रभावों से बचने के लिए हमें देखभाल के तरीकों में कुछ बदलाव लाना चाहिए। जब भी आप घर से बाहर निकले तो ध्यान रखें कि आपका शरीर पूरी तरह ढंका हो। एक मोटा कपड़ा पहने से बेहतर है कि आप कई लेयर में कपड़े पहने। डॉक्टर कहते हैं कि तीन या चार लेयर कपड़े पहने से हम ठंड से बच सकते हैं। एक से दूसरी लेयर के बीच खाली जगह इंसुलेटर का काम करती हैं जिससे शरीर को गर्म रखने में मदद मिलती है और ठंड भी कम लगती है। सुबह जल्दी या देर रात निकलना हो तो कान, गले और सिर को अच्छी तरह ढंक कर निकलें।
खान-पान संतुलित रखें
सर्दी के मौसम में भूख अधिक लगती है। हमें थोड़े-थोड़े समय पर खाते भी रहना चाहिए ताकि शरीर को ऊर्जा मिलती रहे। बस ध्यान इस बात का रखें कि जो भी खाए वह हेल्दी हो। अधिक तला-भूना या मसालेदार खाना आपके सेहत पर उलटा असर डाल सकता है। ताजी हरी सब्जियों और मौसमी फलों का सेवन सबसे बेहतर होता है।
खूब पानी पीएं
हम अकसर लोगों को कहते सुनते हैं सर्दियों में प्यास कम लगती है। बहुत से लोग इस मौसम में पानी पीना कम कर देते हैं। आप ऐसा बिलकुल ना करें। सर्दियों में अपनी त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए पानी पीना बहुत जरूरी है। आप सब जानते होंगे और महसूस किया होगा कि इस मौसम में त्वचा कितनी रूखी हो जाती है। दरअसल हम अपने शरीर को गर्म रखने के लिए हीटर, ब्लोअर या आग जलाते हैं। हमारी त्वचा से इनका सीधा संपर्क होता है। जिससे शरीर में पानी की कमी होने लगती है और उसका नतीजा हमें रूखी त्वचा के रूप में नजर आता है। इसलिए डॉक्टरों का कहना है कि हमें कम-से-कम सात-आठ गिलास पानी रोज पीना चाहिए। आप इस मौसम में गुनगुना पानी पीए तो यह आपको सर्दी, जुकाम और गले के दर्द से भी राहत देगा।
बच्चों का रखें खास ख्याल
सर्दी के मौसम में बच्चों को बहुत ध्यान से रखना पड़ता है। बच्चों को इस मौसम में जहां सर्दी जुकाम होने का डर रहता है वहीं जरा सी लापरवाही से उन्हें निमोनिया होने की संभावना भी बढ़ जाती है। उनके पहनावे-ओढ़ावे से लेकर खान-पान तक का विशेष ध्यान रखना पड़ता है। बच्चों को नहलाने से लेकर पीलाने तक गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही अगर लगे की बच्चों को सर्दी-जुकाम या बुखार हैं तो अपने डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें। बच्चे स्वस्थ रहेंगे तभी आप किसी और काम पर ध्यान दे पाएंगे।
सर्दियों की गुनगुनी धूप भी बहुत मजेदार होती है। इस मजेदार धूप का आनंद लेने के लिए जरूरी है कि आप अपने साथ-साथ अपनों के सेहत का भी ख्याल रखें और पूरे परिवार के साथ मिलकर सर्दियों का लुफ्त उठाएं।
Recent Comments